नहटौर थाना क्षेत्र के गाँव हरगनपुर मे आज रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कार सवार 10 से 12 दबंगो ने एक जनसेवा केंद्र पर हमला कर दिया। दबंगो ने जनसेवा केंद्र मे जमकर तोड़फोड़ की और संचालक को भी लाठी डंडो से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव निवासी सलमान बाजार मे एक जनसेवा केंद्र संचालित करता है। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार आज रविवार की शाम बाजार मे अच्छी चहल पहल थी। इसी दौरान दो लग्जरी कारे आकर रुकी और इन कारो से 10 से 12 बदमाश उतरे। इन सभी ने अपने चेहरे को ढका हुआ था। कारो से उतरे ये बदमाश सीधे सलमान के जनसेवा केंद्र मे चले गए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशो ने मौके पर रखे कीमती लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को बेरहमी से तोड़ दिया। बदमाशो ने मौके पर मौजूद रहे सलमान को भी बेरहमी से पीटा।
हैरानी की बात यह रही कि रविवार शाम होने के कारण बाजार में अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी, लेकिन हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि खौफ के मारे कोई भी स्थानीय नागरिक या दुकानदार सलमान को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुँची नहटौर पुलिस ने खून से लथपथ तड़प रहे संचालक सलमान को तुरंत गाड़ी में डालकर नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, सलमान के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जहाँ उनका इलाज जारी है।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद नहटौर कोतवाली पुलिस अलर्ट मोड पर है। घटना के कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला किसी पुरानी कहासुनी या आपसी विवाद का लग रहा है। बाजार और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की कारों के नंबर और उनकी पहचान की जा सके। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

