शाहपुर/जिला मुजफ्फरनगर - झूठी शान की खातिर हैवान बना भाई, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी बहन की गला रेतकर हत्या - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मई 31, 2026

शाहपुर/जिला मुजफ्फरनगर - झूठी शान की खातिर हैवान बना भाई, प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी बहन की गला रेतकर हत्या

https://newsindia17.com/uttar-pradesh/muzaffarnagar/shahpur-honor-killing-brother-killed-sister-adiba-for-love-affair

जिला मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र से झूठी शान के नाम पर एक युवती की हत्या किये जाने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ प्रेमी शादी करने की जिद पर अड़ी युवती की उसके भाई ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग मे भी हड़कंप मच गया। एसपी देहात समेत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी अदीबा आयु 25 वर्ष पुत्री शकील कुरैशी का लम्बे समय से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अदीबा के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और बदनामी के डर से अदीबा को डेढ़ वर्ष से पलड़ी गाँव स्थित एक रिश्तेदारी मे भेजा हुआ था।


कल शनिवार की देर शाम ही अदीबा घर वापस आयी थी। आज रविवार की दोपहर घर में अदीबा, उसकी माँ और भाई आमिर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एक बार फिर आमिर और परिवार के अन्य लोगों ने अदीबा को उस युवक से रिश्ता खत्म करने के लिए समझाया। इस सबके बाद भी अदीबा उस युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। इसी बात से तैश में आकर आमिर ने आपा खो दिया और पास में रखे धारदार हथियार से अदीबा पर हमला कर उसका गला रेत दिया।


जिस कमरे में इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया, वहाँ का मंजर बेहद खौफनाक था। कमरे की दीवारों और फर्श पर हर तरफ खून पसरा हुआ था। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुँचे, अदीबा लहूलुहान हालत में दम तोड़ चुकी थी और आमिर फरार हो चुका था। जिसने भी कमरे का वह खौफनाक मंजर देखा, उसकी रूह कांप उठी। एक तरफ जहाँ माँ और परिजन बिलख रहे थे, वहीं दूसरी ओर वे उस युवक को भी कोसते नजर आए जिसके कारण यह प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय शाहपुर पुलिस और एसपी देहात अक्षय संजय महादीक तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने बताया कि आरोपी भाई आमिर फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। हम इस बात की भी गहनता से जांच कर रहे हैं कि क्या इस हत्याकांड में भाई के अलावा परिवार या बाहर का कोई और सदस्य भी शामिल था। इसके अलावा, जिस युवक से मृतका का प्रेम-प्रसंग था, उससे भी पूछताछ की जाएगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या