कल रविवार की देर रात गजरौला में दिल्ली-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चलती हुई कार आग का गोला बन गई। घटना के दौरान कार में सवार चालक ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान हाईवे पर जाम की समस्या भी उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार की रात करीब 11 बजे दिल्ली के थाना नांगलोई क्षेत्र की एक्सटेंशन त्यागी विहार कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा अपने स्विफ्ट डिजायर कार से बरेली जा रहे थे। गजरौला में बृजघाट से निकलने के बाद कांकाठेर गांव के नजदीक पहुँचने पर गाड़ी के बोनट में शॉर्ट सर्किट होने के कारण धुआं निकलने लगा। जब तक चालक कुछ समझ पाता। तब तक आग ने बड़ा रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। चालक ने आनन-फानन में गाड़ी से निकल कर अपनी जान बचाई।
इस दौरान दिल्ली की तरफ से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया और जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन, तब तक पूरी गाड़ी जल चुकी थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के वर्मा ने बताया कि गाड़ी के बोनट में धुआं निकलने के बाद आग लग गई थी। हालांकि आग की चपेट में कोई नहीं आया। उधर बृजघाट पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पुंडीर ने बताया कि कार में आग लगने के दौरान हाईवे पर जाम की समस्या उत्पन्न हो गई थी लेकिन, बाद में आग बुझने पर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू कराई गई।
| अभी तक पाठक संख्या |
