उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर जिले के विकासखंड अफजलगढ़ अंतर्गत आलमपुर गांवड़ी पहुंचे। दोपहर ठीक 1:55 बजे सीएम का हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अपने इस दौरे में मुख्यमंत्री ने जहाँ समाज के वंचित और शोषित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भूमिधरी अधिकार पत्र सौंपे, वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था और भारतीय संस्कृति को लेकर बड़े संदेश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आलमपुर गांवड़ी में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 1,645 परिवारों और 50 पूर्व सैनिकों व लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र (खतौनी) प्रदान किए।इस ऐतिहासिक अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से इन सभी लाभार्थियों को अपनी जमीन पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होगा। इससे उन्हें समाज में सम्मान और सुरक्षा तो मिलेगी ही, साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी बड़ी सुविधा होगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर चल रही चर्चाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बेहद भावुक और स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। वह हमारी आस्था और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा हैं। जैसे हम गंगा को माता कहते हैं, वैसे ही गौ माता भी हमारे जीवन और परंपरा का आधार हैं। माँ और संतान के इस पवित्र रिश्ते को साबित करने के लिए किसी भी तरह की औपचारिक घोषणा की आवश्यकता नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने हालिया घटनाओं का संदर्भ देते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग समाज में भय का माहौल पैदा करते हैं या आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके खिलाफ सरकार की कठोर कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी। सरकार की पूरी संवेदना हमेशा कानून का पालन करने वाले नागरिकों, गरीबों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के साथ है। राष्ट्र की प्रगति के लिए कानून का शासन सर्वोपरि है।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 'विदुर' ब्रांड के उत्पादों, कृषि एवं उद्यानिकी प्रदर्शनी, ऊर्जा विकास के स्टालों और पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का गहन अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित विदुर प्रेरणा कैफे का उद्घाटन भी किया।
इसके अलावा, सीएम योगी ने मंच से प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और डेमो चेक वितरित किए। विभिन्न विभागों से चयनित 11 प्रेरणादायी लाभार्थियों को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। जनसभा में सीएम को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे, जिसके चलते कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल था।
इस गरिमामयी अवसर पर सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सूची चौधरी, अशोक राणा, ओम कुमार, सुशांत सिंह सहित जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
