बहजोई - तालाब में पड़ा मिला लापता बुजुर्ग का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 11, 2022

बहजोई - तालाब में पड़ा मिला लापता बुजुर्ग का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा


जिला संभल के बहजोई थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव राजपुर के जंगल में तालाब में पड़ा शव मिलने पर हड़कंप मच गया। तालाब में शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बहजोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव राजपुर के निवासी आज सुबह गेंहू काटने खेतो पर जा रहे थे।  इसी दौरान ग्रामीणों ने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। ग्रामीणों ने इस सम्बन्ध में तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बहजोई विकास सक्सेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस की मदद से बुजुर्ग के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव की पहचान जागन पुत्र साधुराम मौर्य निवासी ग्राम राजपुर के रूप में हुई। बताया गया कि जागन पुत्र साधुराम मौर्य पिछले 4 -5 दिन से लापता था। जागन के परिजनों ने उसे संभावित स्थानों पर तलाश भी किया था मगर कुछ पता नहीं लग सका था। कोई सुराग न मिलने पर जागन के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। 

मृतक के परिजन भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। बुजुर्ग की मौत को लेकर पुलिस गाँव में जाँच पड़ताल में जुटी है। थाना प्रभारी बहजोई विकास सक्सेना ने बताया कि जिस बुजुर्ग का शव आज तालाब से मिला है वह लापता था और पुलिस भी इसकी तलाश कर रही थी। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो - रोकर बुरा हाल है। 

web counter
अभी तक पाठक संख्या