नगर के शीतला माता मंदिर पर आज शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब इंडिया मार्का हैंड पंप से लोगों ने गंदा पानी आता हुआ देखा। इसी बीच वहां से गुजर रहे युवा समाजसेवी संयम जैन ने जब लोगों से जानकारी की तो पता चला कि इस इंडिया मार्का हैंड पंप से पिछले लगभग 2 हफ्ते से बहुत ही गंदा पानी आ रहा है।
जिसे पीकर लोग विभिन्न रोगों का शिकार भी हो रहे हैं। संयम जैन ने इस पूरे मामले की जहां पत्रकारों को गिलास में भरे हुए पानी को दिखाते हुए जानकारी दी वहीं विभागीय अधिकारियों को भी इस बात की सूचना देकर चेताया है कि यदि शीघ्र ही नल में आ रहे गंदे पानी की निकासी पर रोक न लगाई गई और स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो वह जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विवश होंगे।
मंदिर में रहने वाले पुजारी ने संयम जैन को यह भी जानकारी दी कि शीतला माता मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस गंदे पानी को पीने के लिए विवश होना पड़ रहा है क्योंकि स्वच्छ पानी के लिए अन्य कोई नल भी वहां पर नहीं लगा हुआ है। इस मौके पर अमानत अली एडवोकेट भी मौजूद थे।
| अभी तक पाठक संख्या |
