बहजोई - स्वास्थ्य मेले में नही जुटी भीड़, राज्यमंत्री प्रतिनिधि ने दी व्यापक प्रचार प्रसार की हिदायत - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 18, 2022

बहजोई - स्वास्थ्य मेले में नही जुटी भीड़, राज्यमंत्री प्रतिनिधि ने दी व्यापक प्रचार प्रसार की हिदायत

आज सोमवार को जिला संभल जनपद के बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ब्लॉक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाबो देवी के प्रतिनिधि के तौर पर उनके पति रामपाल सिंह पहुंचे। मेले में लोगों की कम संख्या को लेकर मंत्री पति ने आगे से कार्यक्रम के व्यापक तौर पर प्रचार प्रसार की हिदायत दी। वहीं स्वास्थ्य मेले के दौरान मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे मंत्री पति ने गर्भवती महिलाओं को किट वितरण कर गोद भराई भी की।


दरअसल आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया था। मेले में मुख्य अतिथि के तौर पर यूपी सरकार की राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाबो देवी के नहीं पहुंचने के कारण प्रतिनिधि के तौर पर मंत्री पति रामपाल सिंह कार्यक्रम में पहुंचे।जहां कार्यक्रम में लोगों की कम संख्या को देखकर मंत्री पति रामपाल सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को आगे से व्यापक प्रचार प्रसार करने की हिदायत दी । उन्होंने कहा कि मेले में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ज्यादा और जनता के लोग कम आए हैं इसके लिए आगे से क्षेत्र में पूरी तरह से प्रचार प्रसार किया जाए। वहीं इस दौरान संभल जनपद का स्वास्थ्य महकमा स्वास्थ्य मेले में भीड़ जुटाने में पूरी तरह से फेल साबित हुआ। 


इस दौरान कार्यक्रम में सीडीओ उमेश त्यागी, एडीएम कमलेश अवस्थी,सीएमओ डॉ पंकज विश्नोई और भाजपा नेता राजेश शंकर राजू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री पति रामपाल सिंह का कहना है कि जिस तरह से कार्यक्रम में कम भीड़ देखने के लिए मिली उसके लिए सीएमओ से भी कहा गया है कि आगे से क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पहले प्रचार-प्रसार कराया जाए उसके बाद ही कार्यक्रम आयोजित किया जाए।

web counter
अभी तक पाठक संख्या