गत रविवार की रात रामपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई लूट के 2 आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुए है। दोनों घायल बदमाशों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान 2 बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे।
पाठको को बताना उचित होगा की गत रविवार की रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव पंजाबनगर निवासी प्रेम सिंह के मकान में घुसे 4 बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर करीब एक लाख का माल समेट लिया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश छत के सहारे रोजगार सेवक ओमपाल सिंह के घर में घुए गए थे। बदमाशों ने वहाँ भी खुद को पुलिस वाला बताकर परिजनों को तमंचे के बल पर लेकर एक तरफ बैठा दिया। बदमाश यहाँ से भी करीब 3 लाख का जेवर लेकर बाहर से कुंडी डालकर फरार हो गए। उसके बाद बदमाश निरंजन के घर में घुस गए थे और 2 लाख का माल समेट लिया था। इस तरह बदमाशों ने सभी स्थानों से करीब 6 लाख की लूट को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस बदमाशों को तलाश रही थी।
कल गुरुवार रात को चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाबनगर में हुई लूट के आरोपी आ रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने पुलिस टीम के साथ बाईपास पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। पुलिस को पीछे आता देखबदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जबाबी कार्रवाई में की गयी फायरिंग में दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। इस दौरान 2 बदमाश अँधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार किये गए बदमाशों के नाम नौरंग पुत्र हरकिशोर, निवासी गाँव इब्राहिमपुर, सोनकपुर, मुरादाबाद व देव शरण पुत्र बदन सिंह, निवासी मंगूपुरा, थाना क्षेत्र बिलारी, मुरादाबाद है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से एक बैग में सोने व चांदी की ज्वैलरी, दो तमंचे,दो खोखा कारतूस, छह जिंदा कारतूस और एक मोटर साइकिल मिली है। पुलिस फरार हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है। एसपी राजेश द्विवेदी ने अस्पताल पहुँचकर दोनों बदमाशों से पूछताछ की। गिरफ्तार किये गए दोनों बदमाशों पर 10-10 हजार का ईनाम घोषित था।
अभी तक पाठक संख्या |