अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में मस्जिद के चंदे के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर लाठी डंडे चले व पथराव हुआ। इस घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी। विवाद व हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। इस मामले में उप निरीक्षक की तहरीर के आधार पर 11 नामजद समेत 21 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव धनौरा उर्फ़ मुरादनगर में स्थित जामा मस्जिद के चंदे के बंटवारे को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया और लाठी डंडे व पथराव शुरू हो गया। इस बारे में सूचना मिलने पर उप निरीक्षक उमेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल यासीन सैफी व अनिल कुमार मौके पर पहुँच गए। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुला लिया गया। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक व पुलिसकर्मियों ने विवाद कर रहे लोगो को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया। आरोपियों द्वारा किये जा रहे पथराव के चलते पुलिसकर्मियों ने मौके से भागकर जान बचाई। पुलिसकर्मियों ने इस मामले की सूचना तुरंत ही उच्च अधिकारियो को दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से आरोपी इदा खां, गुलाम नबी, मुमताज अली, जाकिर, नबी जान व महबूब अली समेत 6 लोगो कोगिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मारपीट के दौरान घायल हुए हाजी शरीफ, नूरुद्दीन आदि को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रभारी निरीक्षक अमरोहा देहात प्रेमपाल सिंह ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस टीम पर हमला किये जाने के मामले में 11 नामजद समेत 8 से 10 अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।