धामपुर - भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की नगीना लोकसभा प्रत्याशी ओमकुमार के पक्ष में मतदान की अपील, विपक्ष पर चलाये शब्द बाण - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अप्रैल 08, 2024

धामपुर - भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की नगीना लोकसभा प्रत्याशी ओमकुमार के पक्ष में मतदान की अपील, विपक्ष पर चलाये शब्द बाण

www.newsindia17.com
आज सोमवार को धामपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नगीना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा गठबंधन प्रत्याशी ओम कुमार के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जेपी नड्डा ने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इसे घमंडिया गठबंधन के नाम से संबोधितकरते हुए कहा कि इस गठबंधन में शामिल सभी दल भ्रष्टाचारी हैं और अपनी जान बचाने के लिए एकजुट हुए हैं।

निर्धारित समय से लगभग एक घंटा देरी से पहुंचे जेपी नड्डा ने अपने सम्बोधन की शुरुआत देरी के लिए माफ़ी मांगने से की। धामपुर के प्रियंका मॉर्डन स्कूल के मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के आधे नेता जेल में हैं और आधे नेता जमानत पर हैं।  उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त ये नेता क्या विकास करेंगे?  उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र और वर्ष 1929 में मुस्लिम लीग के जिन्ना द्वारा जारी किए गए घोषणा पत्र में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार व केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रमुख कार्यों को विस्तार से बताते हुए विपक्षियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अब से 10 वर्ष पूर्व पहले तक देश और प्रदेश की स्थिति अच्छी नहीं थी। प्रदेश में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर थी, व्यापारी और बहू बेटियां बाहर जाने से डरते थे। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रहती थी। आज सभी उन्मुक्त माहौल में जी रहे हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि आज प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। यह बदलते भारत की झांकी है। आज अमेरिका सहित सभी बड़े देशो की आर्थिक स्थिति लड़खड़ा रही है, लेकिन भारत कोरोना और यूक्रेन युद्ध के बावजूद भी विश्व की 5वे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। तीसरी बार मौका मिला तो 2027 में भारत विश्व की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था होगा। मोदी ने देश की राजनीति की तस्वीर ही बदल दी है। आज जवाबदेह सरकार है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि गत 10 वर्षो में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर ही भाजपा चुनाव मैदान में है। भाजपा ने जो वादे किए उन्हें पूरा किया गया है। बिजली, पानी, राशन, सड़क, सुरक्षा, उद्योग सभी क्षेत्रों में भारत ने तरक्की की है। आज बदलता भारत विश्व के सामने है। भारत का विश्व में सम्मान बढ़ा है। जबकि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे भ्रम फैलाकर जीतना चाहते हैं। 
visitor counter
अभी तक पाठक संख्या