गत दिनों तंत्र मन्त्र व पूजा पाठ का झांसा देकर महानगर निवासी एक युवती का अश्लील वीडियो बनाने वाले कथित ज्योतिषी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत दिनों महानगर निवासी एक युवती ने उक्त मामले में एसएसपी से शिकायत की थी। युवती ने बताया था कि उसे अपने भविष्य के बारे में जानने की उत्सुकता थी। इसी दौरान एक परिचित ने उसे ज्योतिषी का नंबर दिया था। इस नंबर पर कॉल करने पर कबीर से सम्पर्क हुआ था। कबीर ने युवती से कहा था कि भविष्य जानने के लिए तुम्हे कुछ तंत्र क्रियाओं में शामिल होना पड़ेगा। ये तंत्र क्रियाएं वीडियो कॉल के माध्यम से होंगी। कबीर की बातों में उलझी युवती उसके झांसे में आ गयी। कबीर ने उससे कहा कि ये क्रियाये वीडियो कॉल के माध्यम से करा दी जाएगी। युवती ने तांत्रिक के कहे अनुसार तंत्र क्रिया कराई। इस दौरान तांत्रिक ने युवती की अश्लील वीडियो बना ली और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी हेमराज मीणा ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस द्वारा की गयी जांच पड़ताल में सामने आया कि कबीर मेरठ का रहने वाला है। उसका असली नाम मौहम्मद आकिब है। पुलिस ने मोहम्मद आकिब उर्फ कबीर बाबा पुत्र अय्युब निवासी मोहल्ला तिहाई थाना व तहसील मवाना जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने जो मोबाइल फोन बरामद किया है, उसमें युवती की अश्लील वीडियो भी रिकवर हुई है। पुलिस ने आकिब उर्फ कबीर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
| अभी तक पाठक संख्या |