उत्तर प्रदेश के बरेली से एक युवक की बैंक पर बड़ौदा में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखो की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि नौकरी न लगने पर पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवक द्वारा इस मामले की शिकायत एसएसपी से करते हुए कार्रवाई करने की मांग की गयी है।
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निवासी नर हरि नारायण पुत्र राजेंद्र कुमार सक्सेना द्वारा की गयी शिकायत में बताया गया कि उसके पिता के जानने वाले कौशल कुमार शर्मा पुत्र मदन मोहन शर्मा निवासी बजरिया पूरनमल ने उनको राकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय नत्थूलाल निवासी माधोबाड़ी थाना बारादरी से यह कह कर मिलवाया था कि वह एक बहुत अच्छे डाक्टर हैं। उनकी दिल्ली में कई अधिकारियों व नेताओं से अच्छी जान पहचान है। वह उनके पुत्र की दिल्ली में बैंक आफ बड़ौदा में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा देंगे।इसमें 10 लाख का खर्च आएगा और लगभग 01 वर्ष का समय लगेगा। राजेंद्र कुमार ने राकेश के झांसे में आकर व कौशल शर्मा के विश्वास पर पहले उसे 25 हजार रुपये व उसके बाद 31 मार्च 2022 से लेकर 8 जून 2023 तक कुल 6 लाख 74 हजार 450 रुपये राकेश के खाते में भेज दिए। नवबंर 2022 को राकेश कुमार ने अपनी मां मुन्नी देवी की जिम्मेदारी पर स्टाम्प लिखकर दिया कि वह उनसे 72 हजार रुपये नकद ले रहा है। जिस पर कौशल कुमार व राकेश के हस्ताक्षर थे। एक साल बीत जाने के बाद भी नौकरी न लगने पर पीड़ित ने राकेश से अपने रुपये वापस मांगे। जिस पर राकेश ने उन्हें 6 जुलाई 2023 को उनके पिता के नाम से कोटक महेंद्रा बैंक का चेक दिया।
बैंक में चेक कैश कराने गए तो उस पर हस्ताक्षर गलत पाए गए। जब यह बात आरोपी को बताई गई तो उसने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। रुपये मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पीड़ित ने व्यापारी नेताओं के साथ एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
| अभी तक पाठक संख्या |