सिरौली/बरेली - आक्रोशित भीड़ ने युवती के अपहरण के आरोपी दुसरे समुदाय के युवक का घर फूँका, पुलिस पर किया पथराव, थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 03, 2024

सिरौली/बरेली - आक्रोशित भीड़ ने युवती के अपहरण के आरोपी दुसरे समुदाय के युवक का घर फूँका, पुलिस पर किया पथराव, थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

www.newsindia17.com

कल शुक्रवार की देर रात बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में आक्रोशित भीड़ ने युवती के अपहरण के आरोपी दुसरे समुदाय के युवक के घर को आग लगा दी। इस दौरान भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की और घर का सामान बाहर लाकर जला दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव किया और गाड़ी तोड़ दी। भीड़ का रौद्र रूप देख पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा। सूचना पर एसएसपी अनुराग आर्य व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुँच गयी। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए समय से मुकदमा दर्ज न करने व लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी सिरौली सहित एक दारोगा व सिपाही को निलंबित कर दिया है।


पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार 6 दिन पूर्व थाना क्षेत्र के गाँव चंदपुरा शिवनगर का निवासी सद्दाम दूसरे समुदाय की एक युवती को बहलाफुसला कर साथ ले गया था। परिजनों द्वारा युवती की तलाश किये जाने पर भी कोई सुराग नहीं मिल सका था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त को युवक व युवती को बरामद कर लिया था। पिता के अनुरोध किये जाने पर युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। पुलिस ने सद्दाम को पूछताछ हेतु हिरासत में ले लिया था। युवती के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया था। 1 अगस्त को पुलिस ने किसी प्रकार इस मामले को शांत करा दिया था।


इसके बाद कल शुक्रवार की देर रात युवती के परिजनों व अन्य लोगो ने सद्दाम के घर को घेर लिया और तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया मगर आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया। भीड़ द्वारा किये जा रहे पथराव के चलते पुलिस ने पीछे हटकर तुरंत कंट्रोल रूम को स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलने पर देर रात एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी दक्षिणी मानुष पारीक कई थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।


एसएसपी ने बताया कि युवक व युवती दोनों थाना क्षेत्र के गांव चंदपुरा शिवनगर के ही निवासी है तथा दोनों के घर करीब 200 मीटर दूरी पर है। एसएसपी ने बताया कि घटना के समय युवक के घर पर कोई मौजूद नहीं था। गाँव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना में शामिल लोगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में दो मुकदमे दर्ज किये गये है। एक मुकदमा युवती के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सद्दाम के खिलाफ व दूसरा मुकदमा आरोपी के घर आग लगाने, तोड़फोड़ करने वाले व घर से बाहर सामान फेंकने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। समय रहते मुकदमा दर्ज न करने व लापरवाही बरतने के आरोपी सिरौली थाना प्रभारी लव सिरोही, उप निरीक्षक सतवीर सिंह व एक बीट सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। 

visitor counter
अभी तक पाठक संख्या