![]() |
| मौके पर मौजूद पुलिस व इनसेट में मृतका रामबेटी की फाइल फोटो |
गत रात्रि थाना क्षेत्र के गाँव कुड्डा में पशुशाला में सो रही रामबेटी आयु 58 वर्ष की सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गयी। आज बुधवार की सुबह पशुशाला पहुंचे रामबेटी के पुत्र महेंद्र ने माँ का रक्तरंजित शव बिस्तर पर पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही आवश्यक जांच पड़ताल की। एसपी ग्रामीण मानुष पारीक ने भी मौके पर जाकर परिजनों से घटना की जानकारी की। मृतका के पुत्र महेंद्र ने बताया कि रिश्ते के तहेरे भाई नत्थू से राशन के कोटे को लेकर उनकी रंजिश चल रही है। बताया गया कि 3 दिन पूर्व पड़ोस में एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान बच्चो के बीच हुए विवाद के बाद नत्थू पक्ष ने महेंद्र के बेटे के घर में घुसकर फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की गयी थी। पुलिस ने नत्थू को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में नत्थू और महेंद्र के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी। महेंद्र ने आशंका जताई है कि अक्सर वह पशुशाला में सोता था। कल मंगलवार की रात उसकी माँ रामबेटी ने उससे घर पर सोने के लिया कहा और खुद पशुशाला में सोने चली गयी थी। महेंद्र का कहना है कि शायद हमलावर उसकी हत्या करने आये थे और माँ की हत्या कर गए। घटना के बाद से आरोपी का परिवार घर से फरार है।
थाना प्रभारी भमौरा ने बताया कि महिला के सिर पर पीछे की ओर घाव था। घाव कुल्हाड़ी अथवा फरसे से किया माना जा रहा है। फ़िलहाल पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
| अभी तक पाठक संख्या |
