प्रतिदिन हो रही सड़क दुर्घटनाये प्रशासन द्वारा सकुशल कांवड़ यात्रा संपन्न कराने के दावों पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। सड़क दुर्घटना में हो रही कांवड़ियों की मौत व अन्य घटनाओ के समाचार प्रतिदिन ही मीडिया माध्यमों में प्रमुखता से प्रकाशित हो रहे है। ताजा मामला जिला बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र से है जहाँ आज बुधवार की सुबह हरिद्वार से जल लेने जा रहे मुरादाबाद के कांवड़ियों की ट्रैक्टर ट्राली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक वृद्ध कांवड़िये की मौत हो गयी जबकि 17 अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ ही एसपी भी मौके पर पहुँच गए। ये घटना एक सीसीटीवी में कैद हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जनपद के गाँव हरचंदपुर के 23 कांवड़ियों का एक जत्था कल रात जले लाने के लिए गाँव से चला था। जत्थे में शामिल सभी कांवड़िये ट्रेक्टर ट्राली में सवार थे। आज सुबह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गाँव हिंदूपुर पहुंचने पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कांवड़ियों की ट्रेक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने पर ट्राली 3 बार पलटी। इस भीषण दुर्घटना में संतोष चौहान आयु 60 वर्ष निवासी ग्राम हरचंदपुर, जिला मुरादाबाद की मौके पर ही मौत हो गयी। इस दुर्घटना में अन्य कांवड़िये सुखदेव आयु 40 वर्ष पुत्र कुमरपाल, वंश आयु 15 वर्ष पुत्र अवनीश, विशाल आयु 24 वर्ष पुत्र राजेश, हिमांशु आयु 14 वर्ष पुत्र सुरेश शर्मा, केशव कुमार आयु 14 वर्ष पुत्र विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके साथ ही कामिनी शर्मा, विवेक, अवनीश, काजल, अभिषेक व अंकुश आदि भी घायल हुए है।
घटना की सूचना पर एसपी अभिषेक झा के साथ ही सीओ देश दीपक सिंह सहित कोतवाली देहात, नजीबाबाद व किरतपुर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। पुलिस ने दुर्घटना में घायल हुए सभी कांवड़ियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक चालक सुनील कुमार पुत्र सुरेश प्रसाद को हिरासत में ले लिया है।
| अभी तक पाठक संख्या |
