धनारी/संभल - पत्नी की प्रताड़ना से तंग आ चुके युवक ने फाँसी के फंदे पर झूलकर दी जान, हथेली पर लिखा सुसाइड नोट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अगस्त 07, 2024

धनारी/संभल - पत्नी की प्रताड़ना से तंग आ चुके युवक ने फाँसी के फंदे पर झूलकर दी जान, हथेली पर लिखा सुसाइड नोट

www.newsindia17.com
मृतक हेमंत की फाइल फोटो व हथेली पर लिखा सुसाइड नोट 

जनपद संभल के धनारी थाना क्षेत्र में पत्नी की प्रताड़नाओं से तंग आ चुके एक युवक ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव कल मंगलवार की रात उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। युवक द्वारा अपने हाथ की हथेली पर लिखे गए सुसाइड नोट में पत्नी को घटना का जिम्मेदार बताया गया है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम को भेजने के साथी ही उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


उक्त घटना थाना क्षेत्र के गाँव बमनपुरी से जुडी है। बताया गया कि गाँव निवासी हेमंत आयु 28 वर्ष पुत्र भूरे सिंह का विवाह 2 वर्ष पूर्व गांव भानपुर, थाना जरीफनगर, जिला बंदायूँ निवासी चंद्रकली के साथ हुआ था। हेमंत ने इसी वर्ष कक्षा 12 की परीक्षा पास की थी। घटना के समय हेमंत के पिता व तीनो भाई खेत पर गए हुए थे। घर पर हेमंत व उसकी पत्नी ही थी। पिता भूरे के अनुसार रात को वापस आने पर उन्होंने हेमंत को आवाज दी मगर कोई जबाब नहीं मिला। हेमंत की पत्नी चंद्रकली से पूछने पर उसने बताया कि वह कमरे में है। कमरे पर जाकर देखा कि हेमंत का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। हेमंत के हाथ की हथेली पर एक सुसाइड नोट लिखा हुआ था। इसमें लिखा था कि पत्नी मुझे 2 दिन से रोटी नहीं दे रही है। चंद्रकली किसी और से प्यार करती है और मुझे मारना या मरवाना चाहती है। चंद्रकली मेरे ऊपर हाथ उठाती है और आये दिन मारपीट करती रहती है। इस सबसे तंग आकर मै अपनी पत्नी की वजह से आत्महत्या कर रहा हूँ।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर आवश्यक जाँच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। पिता भूरे सिंह द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर में बहू चंद्रकली, उसकी माँ व अन्य परिजनों को इस घटना का जिम्मेदार बताया गया है। भूरे सिंह के अनुसार चंद्रकली आये दिन हेमंत के साथ लड़ती रहती थी। कल पूरा दिन भी उसने लड़ाई की थी। प्रभारी निरीक्षक धनारी नरेश कुमार ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी

visitor counter
अभी तक पाठक संख्या