पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन मे अपराध की रोकथाम व अपराधियो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने गत रात्रि हुई मुठभेड़ के बाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र मे चोरी का प्रयास करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने पर घायल हुए अभियुक्त व एक पुलिसकर्मी को उपचार हेतु सीएचसी नूरपुर मे भर्ती कराया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट मे बताया गया कि गत 11 जनवरी 2025 को पतराम सिंह पुत्र बलवीर सिंह, निवासी ग्राम गौहावर हल्लू, थाना नूरपुर ने थाना नूरपुर पर एक तहरीर दी थी। इस तहरीर में बताया गया था कि 10 जनवरी 2025 की रात रविन्द्र पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम गौहावर जैत, थाना नूरपर ने उसके एसबीआई ग्राहक सेवा केन्द्र के शटर का ताला तोडने का प्रयास किया गया तथा वादी के मौके पर पहुंचने पर रविन्द्र धमकी देते हुए मौके से भाग गया। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज मामले की जाँच करते हुए अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी थी। कल 11 जनवरी की रात मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि एसबीआई ग्राहक सेवा मे नकबजनी का प्रयास करने वाला अभियुक्त ग्राम गौहावर व आलमपुर एडवा नहर के पुल से जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर आम के पेड के पास बैठा है। बताया गया कि अभियुक्त आज फिर कही नकबजनी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना पर थाना नूरपुर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया। इस दौरान अभियुक्त ने पुलिस को आया देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली अभियुक्त के पैर मे जा लगी। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त घायल अवस्था में हिरासत में ले लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस कांस्टेबल सुशील कुमार भी गोली लगने पर घायल हो गया। पुलिस द्वारा घायल पुलिसकर्मी व घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सीएचसी नूरपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे गिरफ्तार किये गए अभियुक्त ने अपना नाम रविन्द्र पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम गौहावर जैत, थाना क्षेत्र नूरपर। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमन्चा 315 बोर, एक खोखा व एक जिन्दा कारतूस 315 बोर तथा एक काले रंग के बैग में नकबजनी की घटनाओं में प्रयुक्त किये जाने वाले उपकरण (हथौडा, लोहे का सरिया, पलाश व एक छोटी टार्च) बरामद किये है।
बताया गया कि अभियुक्त रविन्द्र द्वारा पहले भी इस ग्राहक सेवा केन्द्र में नकबजनी की गयी थी, जिसमें थाना नूरपुर पुलिस द्वारा अभियुक्त रविन्द्र को पूर्व में भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व मे भी आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओ मे मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार, उप निरीक्षक रवि कुमार, सुशील पंवार, कुलदीप कुमार, कांस्टेबल हरिओम, सुशील कुमार व गौरव कुमार शामिल रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
