बरेली के कैंट थाना क्षेत्र मे कल रविवार की देर रात पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद एक युवक ने मिटटी का तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। जलता हुआ युवक घर से बाहर निकला दौड़ता चला गया। शोर शराबा सुनकर मौहल्लेवासी भी उसके पीछे दौड़े। करीब 500 मीटर तक दौड़ने के बाद युवक गिर गया। मौहल्लेवासियो ने उसकी आग बुझाई और अस्पताल लेकर गए जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। युवक की मौत के बाद पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से थाना बारादरी के सकलेन नगर का निवासी सलीम आयु 40 वर्ष कबाड़ का काम करता था। इस समय सलीम अपनी पत्नी नाजमीन के साथ कैंट थाना क्षेत्र के खजुरिया मे किराए के मकान मे रह रहा था। कल रविवार की देर रात किसी बात पर उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। ये विवाद इतना बढ़ा कि सलीम ने घर मे रखा मिटटी का तेल अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। पति को लपटो से घिरा देख नाजमीन की चीख निकल गयी और वह घर से बाहर की ओर भागी। इसी दौरान सलीम भी जलता हुआ घर से बाहर आ गया और मौहल्ले से बाहर की ओर दौड़ लगा दी। सलीम को आग की लपटो के बीच घिरा देख पड़ोसी भी उसके पीछे भागने लगे। करीब 500 मीटर तक भागने के बाद सलीम गिर गया। इसके बाद स्थानीय निवासियो ने किसी प्रकार उसकी आग बुझाई और अस्पताल लेकर पहुंचे। जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कैंट राजेश कुमार ने बताया कि सलीम शराब पीने का आदि था और कबाड़ का काम करता था। उसकी पत्नी नाजमीन भी घरो मे झाड़ू पोंछा का काम करती है। सलीम ने आत्मदाह किया है शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
