![]() |
मौके पर मौजूद पुलिस व इनसेट में मृतक पीएसी जवान की फाइल फोटो |
प्रयागराज महाकुम्भ से छुट्टी लेकर आये एक पीएसी जवान का शव कल बुधवार की रात फंदे पर लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। कल बुधवार दोपहर को ही उसकी सगाई हुई थी। शव के दोनों हाथ पीछे की ओर बंधे थे। पुलिस द्वारा की गयी जांच पड़ताल मे 2 सुसाइड नोट मिले है। इन दोनो ने आत्महत्या किये जाने के बारे मे लिखा गया है। दूसरी ओर मृतक के पिता ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाये जाने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गाँव भागीजोत का निवासी लोकेंद्र आयु 27 वर्ष पुत्र जयप्रकाश उर्फ़ छोटे पीएसी 9 बटालियन मुरादाबाद मे सिपाही था। इस समय लोकेन्द्र की ड्यूटी प्रयागराज मे चल रहे महाकुम्भ मे लगी हुई थी। गत मंगलवार को ही लोकेन्द्र 3 दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। कल बुधवार की दोपहर उसकी सगाई की रस्म हुई थी और शादी के लिए 14 फरवरी की तिथि निर्धारित की गयी थी। परिजनो के अनुसार सगाई का कार्क्रम समाप्त होने के बाद शाम को लोकेन्द्र किसी काम से घर से बाहर गया था। इसके बाद वह देर शाम तक भी वापस नही आया और ग्रामीणो ने उसका शव खेत मे यूकेलिप्टिस के पेड़ पर लटका होने की सूचना दी। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार चतुर्वेदी, वरिष्ठ उप निरीक्षक श्रीपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच के दौरान मृतक की जेब से एक नोट मिला। इस नोट मे घर मे रखे बैग मे एक अन्य नोट होने के बारे मे लिखा गया था। घर रखे हुए बैग मे भी पुलिस को एक नोट मिला। इस नोट मे लिखा है कि मै पिछले 2 -3 महीने से परेशान हूँ और अपनी मर्जी से ये कदम उठा रहा हूँ। मेरे परिजनो को परेशान न किया जाए। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी आवश्यक जाँच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
एसपी अभिषेक झा ने भी मौके पर जाकर घटना की जानकारी की। एसपी ने बताया कि पीएसी के एक सिपाही का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। शव के दोनो हाथ बंधे हुए थे। पुलिस को एक नोट मिला है जिसमे आत्महत्या करने के बारे मे लिखा गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।