![]() |
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल व पुलिस गिरफ्त मे 5 हमलावर |
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाँदपुर थाना क्षेत्र के गाँव सुजातपुर खादर निवासी सुभाष सिंह की पुत्री शिवानी का गाँव के ही हर्षवर्धन पुत्र दुष्यंत कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग के चलते गत 5 दिन पूर्व दोनों घर से फरार हो गए थे। इस मामले मे युवती के पिता द्वारा हर्षवर्धन के खिलाफ अपहरण की धाराओ मे मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए प्रेमी युगल को बरामद कर कल बुधवार को कोर्ट में पेश किया था। यहाँ शिवानी ने खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी हर्षवर्धन के साथ रहने की इच्छा जताई थी। इस पर कोर्ट ने उसे प्रेमी हर्षवर्धन को सौपने का आदेश दिया था। पुलिस ने कोर्ट के आदेशानुसार शिवानी को हर्षवर्धन को सौंप दिया था।
दूसरी ओर शिवानी के परिजनो ने इस मामले को लेकर कल बुधवार की रात गाँव में पंचायत बुलाई थी और प्रेमी युगल को गाँव मे न घुसने देने का ऐलान किया था। इस पंचायत के कुछ देर बाद ही शिवानी के परिजनो ने हर्षवर्धन के घर पर हमला कर दिया और मारपीट की। मामले की सूचना मिलने पर पांडव नगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक यशवीर सिंह, सिपाही श्यामवीर सिंह, विजय कुमार व अमित कुमार के साथ गाँव पहुँच गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शिवानी के परिजनो को समझाने का प्रयास किया मगर उन्होंने उल्टा पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया। इस पथराव में दरोगा यशवीर सिंह व उनके साथ आये तीनो सिपाही चोटिल हो गए। हमलावरों ने पुलिस टीम की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। दरोगा द्वारा सूचना दिए जाने पर सीओ चाँदपुर भरत सोनकर व प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से 5 हमलावरो को गिरफ्तार किया है। हमले मे घायल हुए पुलिसकर्मियो व अन्य को उपचार हेतु सीएचसी मे भर्ती कराया गया है।
उक्त मामले मे दरोगा यशवीर सिंह द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर कल रात ही 23 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मौके से गिरफ्तार किये गए 5 हमलावरों के नाम हरदीप सिंह, अर्जुन, अनिल, रोबिन व शिव कुमार है। पुलिस अन्य आरोपियो की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उक्त घटना के बाद गाँव मे तनाव बना हुआ है व पीएसी तैनात की गयी है। आज गुरुवार को गाँव मे सन्नाटा पसरा रहा व कई घरो पर ताले लटके मिले।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |