![]() |
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी व सड़क पर गिरा घायल वीरेश |
जिला बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र मे संचालित दो अस्पतालो के संचालको में से एक की हत्या करने आये हमलावरो ने एक दूधिया की जान ले ली। हमलावरो द्वारा अस्पताल संचालक पर चलाई गयी गोली निशाना चूकने पर दूध बाँट रहे दूधिया को जा लगी। आज बुधवार की सुबह हुई इस घटना से क्षेत्र मे सनसनी फ़ैल गयी। मौके पर पहुँची पुलिस ने दूधिया का शव कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस हमलावरो की तलाश मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहसवान नगर के हरदत्तपुर मार्ग पर प्रमोद कुमार सेवा नर्सिंग होम के नाम से लम्बे समय से अस्पताल संचालित करते है। पूर्व मे इनके साथ अवधेश यादव भी काम करता था। कुछ समय पूर्व अवधेश यादव ने अपना अलग अस्पताल खोल लिया था। इसके बाद दोनो के बीच कारोबार को लेकर आपसी रंजिश शुरू हो गयी थी। आज बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे तीन बाइक सवार सेवा नर्सिंग होम के संचालक प्रमोद कुमार की हत्या करने पहुंचे थे। हमलावरो ने संचालक को देखते ही उस पर गोली चला दी मगर निशाना चूक गया और गोली मौहल्ले मे दूध बाँट रहे वीरेश पुत्र उदयवीर, निवासी गाँव कुकरैया के सिर मे जा लगी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुआ दूधिया बाइक समेत सड़क पर ही गिर गया।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल वीरेश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। अस्पताल जाते समय रास्ते मे उसकी मौत हो गयी। कई अन्य थानों से भी पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया। उच्च अधिकारियो ने भी घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही हमलावरो की तलाश शुरू कर दी है। समाचार प्राप्त होने पर मृतक के परिजनो द्वारा पुलिस को कोई तहरीर नही दी गयी थी।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |