![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से दहेज लोभियों की एक शर्मनाक करतूत सामने आई है। यहाँ दहेज की मांग पूरी न होने पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने विवाहिता को प्रताड़ित कर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हीमपुर दीपा थाना के ग्राम मारूफपुर निवासी श्वेता देवी का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नहटौर क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर बुजुर्ग निवासी शोले कुमार पुत्र तिलकराम सिंह के साथ हुआ था। शादी के समय श्वेता के परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटी के ससुराल वालों की लालच की भूख कभी खत्म नहीं होगी।
पीड़िता श्वेता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति शोले, जेठ भोले, सास रूपा, जेठानी स्वाति, ससुर तिलकराम और ननद पूनम व् ननदोई आशु ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। ये सभी शादी के समय मिले दहेज को कम बताते हुए मायके से एक लग्जरी कार या 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाने लगे थे। श्वेता द्वारा इस सबका विरोध किये जाने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।
पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि करीब 6 माह पूर्व ससुराल पक्ष की प्रताड़ना चरम सीमा पर पहुँच गई। उक्त सभी आरोपियों ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने उसके जेवर, कपड़े और पास में रखी नकदी तक छीन ली और उसे बदहवास हालत में घर से बाहर निकाल दिया। तब से पीड़िता अपने मायके में रह रही है।
थानाध्यक्ष नहटौर धीरज नागर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति समेत 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

