जिला बदायूँ के उसावां थाना क्षेत्र से छुट्टा गौवंशीय पशु द्वारा की गयी हिंसा का सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ आज रविवार सुबह जंगल से सूखी लकड़ियां बीनने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को हिंसक सांड़ ने पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया और करीब दो घंटे तक शव के ऊपर ही बैठा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गूरा बरेला निवासी प्रेमवती आयु 70 वर्ष आज रविवार को जंगल से सूखी लकड़ियां बीनने निकली थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे एक हिंसक सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड़ ने उन्हें बुरी तरह पटककर लहूलुहान कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हद तो तब हो गई जब हमलावर सांड़ बुजुर्ग महिला के शव के ऊपर ही बैठ गया और किसी को भी करीब नहीं आने दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सांड को भगाने का प्रयास किया मगर वह हिला भी नही। अंत में ग्राम प्रधान के ट्रैक्टर की मदद से सांड को भगाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 समदर्शी सरोज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द से जल्द हमलावर सांड़ को पकड़वाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
मृतका के बेटे राजवीर कश्यप ने रुंधे गले से बताया कि उनकी मां रोजाना की तरह लकड़ियां लेने गई थीं, उन्हें क्या पता था कि वह वापस नहीं लौटेंगी। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में छुट्टा पशु खेती-किसानी के साथ-साथ अब इंसानी जान के लिए भी बड़ा खतरा बन गए हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। छुट्टा पशुओ के आतंक से ग्रस्त ग्रामीणो का कहना है कि आज एक बुजुर्ग महिला ने अपनी जान गंवाई है। यदि अब भी प्रशासन नही जागा तो भविष्य मे ऐसी और भी घटनाये हो सकती है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
