आज बुधवार की सुबह नहटौर थाना क्षेत्र के ईदगाह मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और कैंटर के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार उक्त भीषण हादसा आज सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनी गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में ट्रक चालक कमल आयु 25 वर्ष, निवासी गाँव मिर्जापुर, थाना क्षेत्र चांदपुर और कैंटर चालक मोहम्मद रफी आयु 46 वर्ष, निवासी सरावत, सिविल लाइन मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर पहुँचाया।
इस हादसे का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह काफी डरावना है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर गया और सामने से आ रहे ट्रक में जा टकराया। पुलिस इस फुटेज के आधार पर मामले की जांच मे जुटी है।
थाना अध्यक्ष धीरज नागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कैंटर की तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना लग रहा है। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा दिया है ताकि यातायात प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

