मंडावर/जिला बिजनौर - 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 31, 2026

मंडावर/जिला बिजनौर - 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

www.newsindia17.com
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो 
जिला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से एक महिला की संदिग्ध परिस्तिथियो मे मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो पर दहेज़ के लिए हत्या किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दामनी राठी आयु 24 वर्ष पुत्री हरवीर, निवासी किरतपुर का विवाह 17 जनवरी 2024 को मंडावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर देवमल निवासी अभिषेक पुत्र मुन्नू के साथ हुआ था। मृतका के पिता हरवीर द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज व एक स्विफट कार दी थी। आरोप है कि शादी के समय दिए गए दहेज से दामनी के ससुराल वाले संतुष्ट नही थे और स्कॉर्पियो कार और 5 लाख नकद की मांग करते हुए दामनी को प्रताड़ित कर रहे थे।

मायके पक्ष वालो का आरोप है कि दामनी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि दहेज लोभी ससुराल वालो ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका के मायके पक्ष वालो दी गयी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से ससुराल पक्ष के कुछ लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। शादी के मात्र दो साल के भीतर हुई इस मौत ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा की कुरीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
free web counter
अभी तक पाठक संख्या