जिला रामपुर की थाना सिविल लाइन पुलिस व साइबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सस्ते आईफोन का लालच देकर अपनी ठगी का शिकार बनाते थे। गिरफ्तार किये गए दोनो आरोपी सगे भाई है। उनके पास से लाखों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किये गए आरोपी मुस्तफा और साइम पुत्रगण मुसब्बर खान, निवासी घेर दरिया खान, कोतवाली क्षेत्र, मुरादाबाद इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर विज्ञापन चलाते थे। वे ₹1.5 लाख की कीमत वाले आईफोन 15 प्रो और आईफोन 17 प्रो जैसे मॉडल मात्र 5 हजार रूपये मे देने का दावा करते थे। लोगों को झांसे में लेने के लिए ये गिरोह फर्जी अनबॉक्सिंग वीडियो और फर्जी कस्टमर फीडबैक का भी सहारा लेता था।
किसी व्यक्ति द्वारा फोन ऑर्डर किये जाने पर आरोपी अमेजन डिलीवरी का फर्जी झांसा देकर उससे एडवांस पैसे मंगवाते थे। पैसा बैंक खाते में आते ही उसे तत्काल एटीएम से निकाल लिया जाता था। शातिर ठग पकड़े जाने के डर से उस नकदी से क्रिप्टो करेंसी खरीदकर अपने डिजिटल वॉलेट में जमा कर लेते थे। ये गिरोह ऑनलाइन नौकरी का लालच देकर भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाता था, जिनका उपयोग अवैध लेनदेन के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार किये गए आरोपियो के पास से 02 प्रीमियम आई फोन प्रो 17 व 01 आईफोन 15 प्रो, 01 मैकबुक, 01 लैपटॉप, 01 आईपेड, 80 हजार रूपये मूल्य की क्रिप्टो करेंसी व कई सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद की गयी है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

