अमरोहा देहात थाना क्षेत्र मे आज बुधवार दोपहर एक महिला की सरेराह चाकू से गोदकर निर्मम हत्या किये जाने के बाद हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को घर मे बंद कर लिया। घटना पर आक्रोशित मृतका के परिजनो व ग्रामीणो ने आरोपी के घर पर हमला बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। घंटो तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया।
.
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव पचोकरा की निवासी रूबी आयु 35 वर्ष पत्नी नरेंद्र कुमार गाँव मे ही आयोजित एक दावत मे गयी थी। दावत से वापस आने के दौरान दोपहर लगभग 01 बजे जब वह अपने घर के पास पहुंची थी पड़ोसी राशन डीलर धीरज वाल्मीकि आयु 22 वर्ष ने उसका रास्ता रोक लिया। रूबी कुछ समझ पाती इससे पहले ही धीरज ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले मे रूबी गंम्भीर रूप से घायल हो गयी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।
घटना को अंजाम देकर आरोपी धीरज वाल्मीकि भागकर अपने घर में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। रूबी की मौत की खबर फैलते ही उसके परिजन व सैकड़ों सैकड़ो की संख्या मे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना पर आक्रोशित परिजनो व ग्रामीणो ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। बेकाबू भीड़ ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी कार के शीशे चकनाचूर कर दिए और बाइक, ई-रिक्शा व कुर्सियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया समेत 5 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गयी। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस का भी कड़ा विरोध किया और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले घेराव के बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच धीरज को घर से बाहर निकाला और भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी परिजनों व ग्रामीणो का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वे आरोपी के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई और फांसी की मांग को लेकर अड़े रहे। परिजनों ने शव को उठाने से मना कर दिया। लगभग 5 घंटे की मान-मनौव्वल और वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम करीब 6 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस तथ्य पर अभी विस्तृत जांच कर रही है। मृतक महिला रूबी के तीन बच्चे दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद ने बताया कि देहात थाना क्षेत्र के गाँव पचोकरा में एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या किये जाने की सूचना मिली थी। आरोपी धीरज को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और तहरीर के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)
