![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जनपद के धनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव मझोला फतेहपुर में आज रविवार की दोपहर एक किसान की पशुशाला में आग लगने पर हड़कंप मच गया। इस हृदयविदारक घटना में खूंटे पर बंधे एक बेजुबान पशु की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य पशु गंभीर रूप से झुलस गए।
प्राप्त विवरण के अनुसार गांव निवासी किसान हरपाल सिंह की पशुशाला में रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। दोपहर का समय होने के कारण अधिकांश लोग घरों में थे, लेकिन जैसे ही आसमान में काले धुएं का गुबार और आग की विकराल लपटें दिखाई दीं, पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण शोर मचाते हुए घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।
पशुशाला में भारी मात्रा में सूखा चारा और छप्पर होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पशुओं को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि एक पशु की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इस घटना मे दो अन्य पशु गंभीर रूप से झुलस गए है। किसान का चारा, कृषि उपकरण और अन्य कीमती सामान भी जलकर राख हो गया, जिससे किसान को भारी आर्थिक चपत लगी है।
आग की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण बाल्टियां और निजी संसाधनों के साथ मौके पर जमा हो गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सक्रियता के कारण आग पास स्थित रिहायशी मकानों तक नहीं पहुंच सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़ित किसान हरपाल सिंह इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय लेखपाल से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब किसान के पास आय का मुख्य साधन ये पशु ही थे, अतः सरकार को पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान करना चाहिए।

