उझानी/जिला बदायूँ - पुलिस पर लगा रिपोर्ट दर्ज करने के बदले 2 लाख की माँग करने का आरोप, कोतवाली गेट पर तख्ती लेकर बैठा पीड़ित व्यापारी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मार्च 08, 2026

उझानी/जिला बदायूँ - पुलिस पर लगा रिपोर्ट दर्ज करने के बदले 2 लाख की माँग करने का आरोप, कोतवाली गेट पर तख्ती लेकर बैठा पीड़ित व्यापारी

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश पुलिस के सुरक्षा आपकी संकल्प हमारा के सूत्र वाक्य की कल शनिवार को उस समय पोल खुलती नजर आयी जब उझानी के एक व्यापारी ने पुलिस पर रिपोर्ट लिखाने के बदले रिश्वत की मांग करने का आरोप लगाया। व्यापारी का कहना है कि उसे दुकान में हुई लाखों की चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए खाकी के आगे गिड़गिड़ाना पड़ा। आरोप है कि पुलिस के एक सिपाही ने मुकदमा दर्ज करने के नाम पर दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। पुलिस के इस व्यवहार से क्षुब्ध व्यापारी कल शनिवार की शाम कोतवाली के गेट पर हाथ मे तख्ती लेकर धरने पर बैठ गया।


पाठको को बताना उचित होगा कि नगर के मोहल्ला बाजार कलां निवासी रोबिन जैन घंटाघर पर इलेक्ट्रिकल्स और दवाओं के थोक कारोबार का संचालन करते हैं। रोबिन के अनुसार उनकी दुकान पर काम करने वाले दो कर्मचारियों ने विश्वासघात करते हुए पिछले चार वर्षों में गोदाम से लगभग 12 से 15 लाख रुपये का माल चोरी कर बाहर बेच दिया। 16 जनवरी को सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर इस बड़ी हेराफेरी का खुलासा हुआ। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि वह पिछले दो महीनों से लगातार कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। रोबिन जैन का आरोप है कि थाने में तैनात एक सिपाही ने रिपोर्ट दर्ज करने के बदले उनसे दो लाख रुपये की मांग की है।


पुलिस की इस टालमटोल और भ्रष्टाचार से तंग आकर शनिवार शाम व्यापारी हाथ में तख्ती लेकर कोतवाली पहुंच गया। व्यापारी के हाथ में पकड़ी तख्ती पर लिखा था "नौकरों ने व्यापारी को धोखा दिया है, मुझे न्याय चाहिए।" कोतवाली गेट पर एक व्यापारी को इस हाल में देखकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिसकर्मी बाहर आए और व्यापारी को समझा-बुझाकर भीतर ले गए।


इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारी मामले को शांत करने में जुटे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, रिश्वत के आरोपों की जांच की जा रही है और व्यापारी की तहरीर पर उचित विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में रोष पैदा कर दिया है।

counter
अभी तक पाठक संख्या