मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - रेलवे स्टेशन परिसर मे युवक की पीट पीटकर हत्या, खंडहर मे पड़ा मिला रक्तरंजित शव - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मार्च 09, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - रेलवे स्टेशन परिसर मे युवक की पीट पीटकर हत्या, खंडहर मे पड़ा मिला रक्तरंजित शव

www.newsindia17.com
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 के सामने स्थित खंडहर में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गयी। मृतक की शिनाख्त सोनू कश्यप आयु 27 वर्ष निवासी सम्भल के रूप में हुई। सोनू कश्यप ट्रेनों में पानी की बोतलें बेचने का काम करता था। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संदेह के आधार पर मृतक के कुछ साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

आज सोमवार सुबह केजीके कॉलेज पुल के पास स्थित वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) कार्यालय के सामने एक खंडहर में युवक का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँच गई। घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा हुआ था और मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनो ने शव की शिनाख्त सोनू कश्यप पुत्र भगवत कश्यप, निवासी हातिम सराय सम्भल के रूप मे की। परिजनो ने बताया कि सोनू पिछले तीन माह से थाना मझोला के कांशीराम नगर में रह रहा था। पिता भगवत कश्यप ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे उनके पास एक अज्ञात युवक का कॉल आया, जिसने सोनू का शव स्टेशन परिसर के पास होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिता अपने अन्य तीनों पुत्रो मोनू, मनीष और अमर सिंह के साथ मौके पर पहुँचे और शव की शिनाख्त की।

जीआरपी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है और शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या विवाद की बात सामने आ रही है। सोनू स्टेशन पर ही अन्य युवकों के साथ मिलकर पानी की बोतलें बेचता था। इसी आधार पर पुलिस ने उसके साथ काम करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर जीआरपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।
free web counter
अभी तक पाठक संख्या