![]() |
| अस्पताल मे उपचाराधीन पीड़िता |
जिला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश मे आयी है। यहाँ हत्या के मामले में 11 साल जेल की सलाखों के पीछे रहने के बाद जमानत पर आए एक युवक ने मामूली विवाद में अपनी ही भाभी और दो मासूम भतीजियों पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में डेढ़ और दो साल की दो बच्चियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आरोपी वारदात के बाद अपनी जली हुई कमीज मौके पर फेंककर अर्धनग्न अवस्था में फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम सेत कुआं का निवासी अजय पुत्र सतवीर लगभग 11 वर्ष पूर्व गाँव मे ही हेयर ड्रेसर की दुकान चलाता था। वहाँ हुए एक विवाद मे उसने बीच बचाव करने 65 वर्षीय बुजुर्ग देवी सहाय की कैंची घोंपकर हत्या कर दी थी। इस मामले मे उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। आरोपी अजय अभी कुछ दिनो पूर्व ही जमानत पर छूटकर आया था।
बताया गया कि दो दिन पहले अजय का अपने भाई छोटे से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आज मंगलवार को अजय हाथ में तेजाब की बोतल लेकर घर पहुँचा और भाई की पत्नी बबली पर हमला करने का प्रयास किया। बबली को बचाने के लिए उसकी देवरानी काजल पत्नी सुशील बीच में आ गई और हमले का शिकार हो गयी। इस आपाधापी में तेजाब के छींटे काजल, उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी दिव्यांशी और बबली की दो वर्षीय बेटी वंशिका पर जा गिरे। तेजाब गिरते ही घर में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक इस दौरान आरोपी अजय भी झुलस गया। वह पकड़े जाने के डर से अपनी कमीज उतारकर मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित महिला बबली की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अजय के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
| अभी तक पाठक संख्या |
