कोतवाली देहात/ जिला बिजनौर - स्वास्थ्य विभाग की छापामार कार्रवाई के दौरान हुए बड़े खुलासे, एक अस्पताल मे शौचालय मे बंद मिली प्रसूता दूसरे मे चलता मिला सरकारी वेंटिलेटर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मार्च 11, 2026

कोतवाली देहात/ जिला बिजनौर - स्वास्थ्य विभाग की छापामार कार्रवाई के दौरान हुए बड़े खुलासे, एक अस्पताल मे शौचालय मे बंद मिली प्रसूता दूसरे मे चलता मिला सरकारी वेंटिलेटर

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर मे स्वास्थ्य विभाग की नाक के नीचे चल रहे अवैध अस्पतालो के काले कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। आज बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियो द्वारा की गयी छापामार कार्रवाई के दौरान कोतवाली देहात थाना क्षेत्र मे कई अस्पताल बिना पंजीकरण व मानको को ताक पर रखकर संचालित करते पाये गए। इस छापामार कार्रवाई के दौरान एक निजी अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता को शौचालय मे छिपा दिया गया साथ ही पीएम केयर फंड के तहत सरकारी अस्पतालो को मिलने वाला एक वेंटिलेटर भी निजी अस्पताल मे संचालित होता मिला।


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज बुधवार को कोतवाली देहात थाना क्षेत्र मे संचालित कई निजी अस्पतालो व छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम द्वारा की गयी जाँच मे न्यू मेट्रो हॉस्पिटल, नवजीवन हॉस्पिटल, लाइफ लाइन हॉस्पिटल, जफर हॉस्पिटल पंजीकृत पाया गया जबकि न्यू फेमिली व मलिक हॉस्पिटल बिना पंजीकरण चलते पाये गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न्यू मेट्रो हॉस्पिटल, नवजीवन अस्पताल, लाइफलाइन हॉस्पिटल की ओटी को सील कर दिया है। चार अन्य अस्पताल भी सील किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की भनक लगने पर बिना डिग्री मेडिकल प्रेक्टिस करने वाले क्लीनिक बंद करके भाग खड़े हुए।


इस कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला क्षेत्र के जफर हॉस्पिटल से सामने आया। यहाँ स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुँचने पर अस्पताल संचालको ने एक ऐसी महिला को शौचालय मे बंद कर दिया जिसका कल मंगलवार की रात ही सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था। टीम ने शुरुआती जाँच के बाद इस अस्पताल को सील कर दिया। कुछ देर बाद किसी के अंदर होने की भनक लगने पर पुलिस की मौजूदगी मे फिर से ताला खोलकर जांच करने पर स्टाफ की 5 लड़कियों के साथ ही प्रसूता भी शौचालय मे बंद मिली।


इस छापेमारी के दौरान क्षेत्र के न्यू मेट्रो हॉस्पिटल में भी बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। यहां पीएम केयर फंड के तहत सरकारी अस्पतालों को मिलने वाला एक वेंटिलेटर निजी अस्पताल के अंदर संचालित पाया गया। यह एक बड़ा यक्ष प्रश्न है कि जीवन रक्षक सरकारी उपकरण एक निजी अस्पताल तक कैसे पहुँचा? टीम ने उस कक्ष को तुरंत सील कर दिया है और अस्पताल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही बिना पंजीकरण के संचालित होते पाए गए न्यू फेमिली और मलिक हॉस्पिटल को सील करने के साथ ही न्यू मेट्रो हॉस्पिटल, नवजीवन अस्पताल और लाइफलाइन हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया है।


छापामार कार्रवाई करने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. विशाल दिवाकर, डॉ. आरपी विश्वकर्मा, डॉ. केपी सिंह और डॉ. प्रतीक शामिल रहे। डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र में टीम को कार्रवाई के दौरान जफर हॉस्पिटल के शौचालय में प्रसूता बंद मिली, जो बेहद गंभीर मामला है। न्यू मेट्रो हॉस्पिटल में पीएम केयर फंड का सरकारी वेंटिलेटर मिलना विभाग और प्रशासन के लिए जांच का विषय है। अस्पताल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या