जिला बिजनौर जिले के चांदपुर नगर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कल गुरुवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने गई 6 छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। आज शुक्रवार की सुबह इस घटना पर आक्रोशित ग्रामीणों ने चांदपुर थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा किया। पुलिस की शुरुआती जांच में एक छात्रा की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल गुरुवार को चाँदपुर नगर स्थित एक इंटर कॉलेज मे 6 छात्राये संस्कृत विषय की परीक्षा देने आयी थी। इनमे 2 छात्राये हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र की व अन्य 4 नगर की ही थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी देर शाम तक छात्राओ के घर न पहुंचने पर परिजनो को चिंता हुई और तलाश मे जुट गए। परिजनों ने पूरी रात छात्राओं की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नही मिल सका। एक साथ 6 छात्राओं के गायब होने की खबर से क्षेत्र व पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। जांच में पता चला कि लापता छात्राओं में से एक अपने साथ मोबाइल फोन ले गई थी। इस मोबाइल की अंतिम लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस हुई है।छात्रा के मोबाइल की लोकेशन मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम रात को ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गयी।
आज शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्राओं के परिजन चांदपुर थाने पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घेराव किया। परिजनों की मांग है कि छात्राओं को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने एक-दूसरे पर भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
एसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया किपरिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच से ऐसा लग रहा है कि सभी छात्राएं एक साथ कहीं गई हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
एक साथ 6 छात्राओं का गायब होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग स्कूल प्रशासन और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। पुलिस अब कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज और छात्राओं के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे परीक्षा केंद्र से किस वाहन से और किसके साथ निकली थीं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

