मेरठ-बागपत बाईपास के होटलों में पुलिस का छापा, आपत्तिजनक स्थिति में मिले 4 युवतियां और 3 युवक हिरासत में, देह व्यापार का संदेह - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मार्च 13, 2026

मेरठ-बागपत बाईपास के होटलों में पुलिस का छापा, आपत्तिजनक स्थिति में मिले 4 युवतियां और 3 युवक हिरासत में, देह व्यापार का संदेह

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 

मेरठ-बागपत बाईपास स्थित होटलों में फल-फूल रहे अनैतिक कार्यों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसा है। अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने कल गुरुवार की देर शाम एक होटल पर छापेमारी कर चार युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाईपास क्षेत्र के अन्य होटल संचालकों में हड़कंप मच गया और वे अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद मेरठ के जानी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास पर स्थित कुछ होटलों में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। कल गुरुवार की शाम लगभग छह बजे किसी सजग नागरिक ने 'डायल 112' पर पुलिस को एक होटल में चल रहे अनैतिक कार्य की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए होटल की घेराबंदी की और छापेमारी शुरू कर दी। होटल के कमरों की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने यहाँ से तीन युवकों और चार युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोग पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर जानी थाने ले आई।


सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि जिस होटल में कार्रवाई की गई है, वहां बाहर कोई बोर्ड तक नहीं लगा था। पुलिस यह जांच कर रही है कि पकड़े गए आरोपी कहां के रहने वाले हैं और यहां किस माध्यम से पहुंचे थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह किसी संगठित देह व्यापार रैकेट का हिस्सा है।


इस कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि इन होटलों के पास शासन या प्रशासन की कोई वैध एनओसी या मान्यता नहीं है। इन होटल संचालकों की मिलीभगत से क्षेत्र का सामाजिक माहौल दूषित हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व के आश्वासनों के बावजूद पुलिस प्रशासन ने इन अवैध गतिविधियों पर स्थायी अंकुश नहीं लगाया है।


गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी बाईपास स्थित कॉलोनियों के निवासियों विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों ने इन होटलों के खिलाफ 'आर-पार की लड़ाई' लड़ी थी। उस समय एक महीने तक चले धरने और कड़े विरोध के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, तब जाकर आंदोलन समाप्त हुआ था। अब दोबारा ऐसी घटनाएं सामने आने से क्षेत्र में फिर से तनाव का माहौल है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या