जिला मुरादाबाद की मुगलपुरा पुलिस ने भोले भाले लोगो को प्रेमजाल में फँसाकर वसूली करने वाले एक शातिर हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह की मास्टरमाइंड माँ -बेटी सहित कुल 5 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियो के पास से 10 हजार रूपये नकद व 3 मोबाइल फोन बरामद किये है।
एसपी रनविजय सिंह ने व सीओ कोतवाली सुनीता दहिया ने पुलिस लाइन मे आयोजित प्रेस वार्ता मे इस काले धंधे का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियो ने बताया कि इस गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। गिरोह में शामिल महिलाये पहले पुरुषो को फोन कर मीठी मीठी बाते कर फँसाती थी। ये महिलाये करीब 1 माह तक फोन पर देर तक बाते करती थी और पुरुषो को आकर्षित कर लेती थी। इसके बाद इन पुरुषो को मिलने के लिए किसी सूनसान स्थान पर बुलाया जाता था। वहाँ पहुंचते ही आरोपी पुरुष के जबरन कपड़े उतरवाकर उसकी अश्लील वीडियो बना लेते थे और बदनामी का डर दिखाकर लाखो रूपये की मांग करते थे।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मुगलपुरा के मोहल्ला बरबलान निवासी कबाड़ व्यापारी नौशाद ने हिम्मत दिखाते हुए 25 फरवरी को 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। नौशाद ने बताया कई गत वर्ष अगस्त में शगुफ्ता नाम की युवती ने उसे फोन किया। युवती ने एक महीने की बातचीत के बाद उसे मिलने के लिए ताजपुर माफी बुलाया गया। वहां रेहाना नाम की महिला के घर पर नौशाद के साथ मारपीट की गई, उसके कपड़े उतरवाए गए और वीडियो बना ली गई। डर के मारे नौशाद ने आरोपियों को 85 हजार रूपये भी दे दिए लेकिन आरोपियों की मांग खत्म नहीं हो रही थी।
पुलिस ने नौशाद द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सदस्यों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों मे चाँद बी, शगुफ्ता पुत्री चाँद बी, रेहाना, सुलेमान व इल्मा पत्नी सुलेमान शामिल है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि नौशाद की तहरीर पर कुल 12 लोगों को नामजद किया गया था। इनमें से 5 को जेल भेज दिया गया है। फरार चल रहे अन्य 7 आरोपियों इकरा, उबैद, इमरान, नानू, सय्यद, अनीस चौधरी और पप्पी चौधरी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाली 'फ्रेंडशिप' कॉल या सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से मेल-जोल बढ़ाते समय बेहद सावधान रहें। यदि कोई ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो डरे नहीं और तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

