आज गुरुवार को नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम तुराबनगर स्थित अस्थाई गौ-आश्रय स्थल से दो गौवंश चोरी होने और पास के जंगल में उनके अवशेष मिलने से सनसनी फ़ैल गयी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ उच्चाधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पाठको को बताना उचित होगा कि तुराबनगर गौशाला में कुल 110 गौवंश संरक्षित थे। आज गुरुवार सुबह जब केयरटेकर दयाराम सिंह को गणना करने पर 108 गौवंश ही मिले। दो पशुओं के गायब होने की सूचना तुरंत ग्राम प्रधान और स्थानीय पुलिस को दी गई। पशुओ की तलाशी के दौरान गौशाला से गायब हुए इन पशुओ के अवशेष पास के गांव वाजिदपुर के जंगल में पड़े मिले। गौवंशीय पशुओ के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और कटान की आशंका गहरा गई।
मामले की संवेदनशीलता और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए एएसपी पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव, सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय, एसडीएम स्मृति मिश्रा, बीडीओ प्रताप सिंह और पशु चिकित्सा अधिकारी अनुराग चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और अधीनस्थ कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने अवशेषों के नमूने लिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कटान कब और किन परिस्थितियों में किया गया। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस घटना में संलिप्त दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

