![]() |
| प्रदर्शन करते वाल्मीकि समाज के लोग व पुलिस हिरासत मे आरोपी वसीम रजा |
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रज़ा उर्फ 'मिस्टर पीलीभीत' द्वारा दलित समाज के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने शहर का माहौल गरमा दिया है। रविवार को इस विवादित वीडियो के विरोध में वाल्मीकि समाज के सैकड़ों युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने शहर के मुख्य गैस चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। वाल्मीकि समाज मे व्याप्त आक्रोश को देखते हुए सक्रिय हुई पुलिस ने कुछ ही घंटो मे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पाठको को बताना उचित होगा कि इस पूरे विवाद की जड़ एक वीडियो है। ये वीडियो वसीम रज़ा ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के भ्रमण के दौरान शूट किया था। आरोप है कि इस वीडियो में वसीम ने दलित समाज के लिए जातिसूचक और बेहद अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने पर दलित समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्यापत हो गया।
आज रविवार दोपहर वाल्मीकि समाज के लोग बड़ी संख्या में गैस चौराहे पर एकत्र हुए और 'मिस्टर पीलीभीत' पेज के संचालक वसीम रज़ा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियो ने वसीम रजा को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। इस हंगामे के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और लंबी दूरी तक वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि आरोपी पहले भी हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुका है और लगातार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। वाल्मीकि समाज के लोगो का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में नफरत फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही वसीम रज़ा पर जल्द एससी एसटी एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई न होने पर जिले भर मे उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। पुलिस अधिकारियों के ठोस आश्वासन और निष्पक्ष जांच के वादे के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार हुए।
वाल्मीकि समाज द्वारा किये गए प्रदर्शन व चक्का जाम के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वसीम रज़ा को हिरासत में ले लिया लेकिन इसके बावजूद वाल्मीकि समाज का गुस्सा शांत नहीं हुआ। देर शाम वाल्मीकि समुदाय के लोग एक बार फिर नखासा क्षेत्र में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारी आरोपी को देखने और उन्हें सौंपने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें गैस चौराहे की ओर बढ़ने से रोका और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि कर स्थिति को शांत किया।
मोहल्ला नखासा निवासी हिमांशु नंदन की तहरीर पर थाना सुनगढ़ी में आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रजा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण एहतियात के तौर पर मोहल्ला नखासा और अन्य संवेदनशील इलाकों में पीएसी तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जनता से किसी के बहकावे में न आकर शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
.png)
