बरेली/उत्तर प्रदेश - PM किसान योजना के नाम पर साइबर ठगी, APK फाइल डाउनलोड करते ही खाली हुए किसान के 3 खाते - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मार्च 23, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - PM किसान योजना के नाम पर साइबर ठगी, APK फाइल डाउनलोड करते ही खाली हुए किसान के 3 खाते

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
साइबर ठगों ने अब सरकारी योजनाओं को ढाल बनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालना शुरू कर दिया है। इससे जुड़ा एक मामला जिला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र से प्रकाश मे आया है। यहाँ  साइबर ठगो ने 'पीएम किसान' योजना का झांसा देकर एक व्यक्ति के मोबाइल में मालवेयर (APK फाइल) इंस्टॉल कराई और हजारो रूपये पार कर दिए। पीड़ित ने उक्त मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल करने के साथ ही बारादरी थाने मे भी मुकदमा दर्ज कराया है।


उक्त घटना गत 20 मार्च को थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी अशोक कुमार के साथ घटित हुई। ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी और दावा किया कि यह 'पीएम किसान' योजना से जुड़ी सरकारी फाइल है।  अशोक ने उस फाइल पर क्लिक कर उसे डाउनलोड कर लिया। इतना करते ही अशोक का फोन नियंत्रण से बाहर हो गया और मोबाइल मे मौजूद बैंकिंग एप्स व अन्य डाटा तक साइबर ठगो की पहुंच बन गयी।


मोबाइल का कंट्रोल मिलते ही ठगों ने बिना देर किए अशोक कुमार के तीन अलग-अलग बैंकों के खातों में सेंध लगा दी। पीड़ित को तब पता चला जब उनके मोबाइल पर धड़ाधड़ ट्रांजैक्शन के मैसेज आने लगे। ठगो ने अशोक कुमार के बैंक ऑफ़ बड़ौदा मे संचालित खाते से 56 हजार, पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 9 हजार 200 तथा स्टेट बैंक ऑफ़ इण्डिया के खाते से 7 हजार 200 रूपये निकाल लिए। साइबर ठगो ने कुछ ही मिनटो मे अशोक कुमार के 3 खातो से कुल 72 हजार 400 की रकम पार कर दी।


ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित अशोक कुमार ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बारादरी थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस और साइबर सेल टीम अब उस नंबर और बैंक खातों को ट्रैक कर रही है, जहाँ पैसा ट्रांसफर किया गया है।


साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, APK (Android Package) फाइलें बेहद खतरनाक हो सकती हैं। जब कोई यूजर इसे इंस्टॉल करता है, तो यह फोन के कैमरे, मैसेज (OTP), कॉन्टैक्ट्स और स्क्रीन की परमिशन ले लेती है। इसके जरिए ठग घर बैठे आपके फोन की स्क्रीन देख सकते हैं और ओटीपी पढ़कर ट्रांजैक्शन पूरा कर लेते हैं।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या