जिला मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र से असामाजिक तत्वो द्वारा डा0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस प्रतिमा का आगामी 30 मार्च को अनावरण किया जाना था। डा0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा खंडित होने का पता लगते ही क्षेत्र मे सनसनी फ़ैल गयी और तनाव का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जाँच का आश्वासन देकर ग्रामीणो को शांत कराया।
थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर के ग्रामीणो ने बताया कि बाबा साहेब की यह नई प्रतिमा गांव में स्थित पानी की टंकी के पास स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा का अनावरण आगामी 30 मार्च को होना था। कल सोमवार की रात शरारती तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। आज मंगलवार की सुबह प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देख ग्रामीणो का आक्रोश फूट पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और विभिन्न संगठनों के लोग एकत्र हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोषियों की पहचान के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एसपी ग्रामीण के कहा कि माहौल को बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की सूचना पर सरधना विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हम बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने वाले लोग हैं। प्रतिमा को खंडित करना बेहद निंदनीय और समाज को बांटने वाली साजिश है। हमारी मांग है कि अपराधियों को सख्त सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आंबेडकर प्रतिमाओं के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
इस घटना पर भीम आर्मी के मंडल प्रभारी विजेंद्र सूद ने भी रोष व्यक्त किया। मौके पर पहुँचे विजेंद्र सूद ने प्रशासन से वार्ता के बाद कहा कि जल्द ही नई प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था पर चोट है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
