हसनपुर/जिला अमरोहा - घर मे सो रहे युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या, पास ही दूसरी चारपाई पर सो रही पत्नी पर संदेह - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मार्च 29, 2026

हसनपुर/जिला अमरोहा - घर मे सो रहे युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या, पास ही दूसरी चारपाई पर सो रही पत्नी पर संदेह

www.newsindia17.com
मौके पर जाँच करती पुलिस, हाथ पैर बंधा हुआ शव व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो 
जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आयी है। यहाँ कल शनिवार की रात अज्ञात हमलावरो ने घर के बरामदे मे सो रहे एक युवक की हाथ पैर बाँधकर और गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के समय युवक की पत्नी और बच्चे भी पास ही सो रहे थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी को हिरासत मे लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव पिपलौती कला का निवासी मेहराज पुत्र मोमिन आयु 30 वर्ष दिल्ली मे रहकर मजदूरी करता था। मेहराज ईद के मौके पर घर आया था। कल शनिवार की रात वह अपने घर के बरामदे मे पड़ी चारपाई पर सो रहा था। देर रात किसी समय अज्ञात हमलावरो ने चारपाई के साथ उसके हाथ पैर बाँध कर धारदार हथियार उसका गला रेतकर हत्या कर दी। अधिक मात्रा मे खून बहने के कारण मेहराज की मौके पर ही मौत हो गयी।

मृतक के पिता मोमिन के अनुसार आज रविवार की सुबह लगभग 7 बजे मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मेहराज का रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा था जबकि उसकी पत्नी रूही पास ही दूसरी चारपाई पर सो रही थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हसनपुर राजेश तिवारी व अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जाँच पड़ताल की। मृतक का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था और हाथ पैर बंधे हुए थे। सीओ नौंगावा सादात अवधभान सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किये है।

मृतक की चाची इसरेरीन ने बताया कि मेहराज व उसकी पत्नी रूही के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते मेहराज पिछले 4 दिनों से चाची के घर ही खाना खा रहा था। ग्रामीणों का अनुमान है कि हत्या के समय मेहराज चिल्लाया होगा, लेकिन गांव में बज रहे डीजे के शोर के कारण उसकी चीखें किसी को सुनाई नहीं दीं। पुलिस को घटनास्थल पर मिले साक्ष्यो व मृतक के परिजनो के बयानो मे विरोधाभास देखने को मिला। मृतक की पत्नी रूही का कहना है कि रात में बदमाश आए थे, जिन्होंने उसका मुंह दबाकर कुंडल और मोबाइल लूट लिए और उसके पति की हत्या कर दी। मृतक के पिता मोमीन ने बताया कि जब वह सुबह 7 बजे वहां पहुंचे, तो रूही आराम से सो रही थी और बगल में बेटे का लहूलुहान शव पड़ा था। इतना ही नही मृतक का पुत्र फरमान आयु 4 वर्ष भी उसी चारपाई पर सोया था जहाँ हत्या हुई। मासूम के कपड़ों पर भी खून के निशान मिले हैं।

मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटो फरमान आयु 4 वर्ष और अली आयु 3 वर्ष को छोड़ गया है। मेहराज अपने पिता की इकलौती संतान था और बचपन में ही उसकी मां का देहांत हो गया था। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक हसनपुर राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हाथ-पैर बांधकर गला रेता गया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। फिलहाल पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
conter12
अभी तक पाठक संख्या