फैजगंज बेहटा/जिला बदायूँ - चक रोड किनारे पड़ा मिला अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मार्च 31, 2026

फैजगंज बेहटा/जिला बदायूँ - चक रोड किनारे पड़ा मिला अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी

newsindia17.com

आज मंगलवार की सुबह जिला बदायूँ के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। शव पड़ा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहाँ लाकर फेंक दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज मंगलवार सुबह थाना क्षेत्र के गाँव सिसरका निवासी किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे। खेत पर जा रहे किसानो ने रास्ते मे चकरोड किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव पड़ा देखा। शव मिलने का पता लगने पर देखते ही देखते आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणो ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही फैजगंज बेहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की गहन छानबीन की और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा किये गए काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के थानों में भी सूचना भेजी ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पहचान की जा सके।


शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और ग्रामीणों का मानना है कि व्यक्ति की हत्या अत्यंत क्रूरता के साथ की गई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर संघर्ष के कोई विशेष निशान न मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि वारदात को किसी अन्य स्थान पर अंजाम दिया गया और शव को यहां लाकर ठिकाने लगा दिया गया।


थाना प्रभारी फैजगंज बेहटा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस की टीमें हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही हैं। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और पिछले 24 घंटों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इस घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या