बिजनौर/उत्तर प्रदेश - निजी अस्पताल मे प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत पर भड़के परिजनो ने किया हंगामा, लगाए गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अप्रैल 09, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - निजी अस्पताल मे प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत पर भड़के परिजनो ने किया हंगामा, लगाए गंभीर आरोप

www.newsindia17.com

बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र के गंज स्थित निजी अस्पताल मे प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान मृतका के परिजनो ने अस्पताल संचालक और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को संभाला।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव चंदनपुरा निवासी रितु को कल बुधवार की शाम प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बरखंडी मंदिर के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहाँ आज गुरुवार को हुई प्रसव प्रक्रिया के दौरान रितु की हालत बिगड़ गयी और कुछ ही देर मे उसकी मौत हो गयी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुँच गए और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह अस्पताल अवैध रूप से संचालित है और यहाँ प्रसव कराने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ भी मौजूद नहीं थी।


परिजनो का कहना है कि अस्पताल मे किये गए गलत उपचार और अनुभवी स्टाफ के न होने के कारण जच्चा की जान गई है। इस कथित अस्पताल में पहले भी कई बार प्रसव के दौरान मौत हो चुकी हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।


घटना के बाद अस्पताल संचालक और स्टाफ की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। समाचार प्राप्त होने तक पुलिस की मौजूदगी में मृतका के परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच वार्ता का दौर जारी था। इस मामले मे पुलिस का कहना है कि मृतक महिला के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। लिखित तहरीर मिलने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या