बिजनौर/उत्तर प्रदेश - डा0 अम्बेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम मे भाजपा पर जमकर बरसे साँसद नदवी, भाजपा पर लगाया साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अप्रैल 14, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - डा0 अम्बेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम मे भाजपा पर जमकर बरसे साँसद नदवी, भाजपा पर लगाया साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप

www.newsindia17.com

आज मंगलवार को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर सपा कार्यालय मे आयोजित एक कार्यक्रम मे पहुंचे रामपुर लोकसभा सीट से सपा सांसद मुहिबुल्ला नदवी ने हुंकार भरते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रदेश मे बहुमत की सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए सांप्रदायिक माहौल खराब करने का आरोप भी लगाया।


अंबेडकर जयंती के अवसर पर सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नदवी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाना और समाज के वंचित वर्गों को सशक्त करना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि डा0 अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की ही देन है कि आज एक दलित महिला देश के सर्वोच्च पद पर आसीन है।


सांसद नदवी ने देश व प्रदेश की सत्ता पर आसीन भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा 2027 की चुनावी वैतरणी पार करने के लिए प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कुचक्र रच रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी भाजपा की इस राजनीति का जवाब सड़कों पर हंगामे से नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित कर देगी।


कार्यक्रम के दौरान नगीना लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी और पूर्व जज मनोज कुमार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने पीडीए सेवा पोर्टल’ के शुभारंभ की जानकारी देते हुए बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इस पोर्टल का मुख्य कार्यालय दिल्ली में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित इस पोर्टल पर अपनी समस्या ऑनलाइन दर्ज करा सकेगा, जिसका निस्तारण सपा की टीम सुनिश्चित करेगी।


इस अवसर पर पार्टी को मजबूत करने और एकजुटता पर बल दिया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन, डॉ. रमेश तोमर, शमशाद अंसारी, राशिद हुसैन, सत्यपाल प्रधान, प्रभा चौधरी, अखलाक पप्पू, डॉ. रहमान, जावेद राइन और अशोक आर्य सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या