नहटौर/जिला बिजनौर - पुलिस ने हत्या के मामले मे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद मे दिया था घटना को अंजाम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अप्रैल 16, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - पुलिस ने हत्या के मामले मे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद मे दिया था घटना को अंजाम

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर की नहटौर पुलिस ने पैसे के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के बाद हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त न केवल हत्या का आरोपी है, बल्कि उसका सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों सहित लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फंटी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।


प्राप्त  जानकारी के अनुसार गत  29 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम छजुपुरा निवासी सतपाल पुत्र देवदत्त का रुपयों के लेन-देन को लेकर पिंकी देवी के पति चन्दर निवासी ग्राम हमीदपुर के साथ विवाद हुआ था। देखते ही देखते ये विवाद मारपीट में तब्दील हो गया था। इसी दौरान सतपाल ने गाली-गलौज करते हुए पिंकी देवी के पति के सिर पर लकड़ी की फंटी से जोरदार प्रहार कर दिया था। सिर पर हुए फंटी के जोरदार प्रहार के चलते पिंकी देवी का पति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले मे पिंकी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी थी।


परिजनों ने घायल हुए चन्दर को उपचार हेतु  अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ गत 13 अप्रैल को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित की मौत होने पर पुलिस ने पूर्व मे दर्ज किये गए मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 बढ़ाते हुए इसे हत्या के मामले में तब्दील कर दिया था।


प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कल बुधवार, 15 अप्रैल को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उक्त घटना मे वांछित आरोपी सतपाल पुत्र देवदत्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से की गयी कड़ी पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की फंटी भी बरामद कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त सतपाल एक आदतन अपराधी है। उस पर पूर्व में भी नहटौर थाने में हत्या और जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। सतपाल के खिलाफ वर्ष 2023 मे मारपीट, गाली गलौज और धमकी देने के साथ ही सामूहिक दुष्कर्म का भी एक मुकदमा दर्ज है।


अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे उप-निरीक्षक संयम यादव और कांस्टेबल अर्जुन तोमर शामिल रहे। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या