कांठ/जिला मुरादाबाद - दहेज की मांग पूरी न होने पर तोड़ा रिश्ता: दूल्हे समेत 8 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 15, 2026

कांठ/जिला मुरादाबाद - दहेज की मांग पूरी न होने पर तोड़ा रिश्ता: दूल्हे समेत 8 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र से दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष द्वारा रिश्ता तोड़ दिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना कांठ में दूल्हे और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कांठ थाना क्षेत्र के ग्राम सहदोली जाबिर निवासी अली हुसैन ने अपनी पुत्री अरमाना का निकाह जिला अमरोहा के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पारा निवासी उस्मान पुत्र इरफान के साथ तय किया था। बीती 24 मार्च को धूमधाम से सगाई की रस्म अदा की गई थी, जिसमें लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक कीमती सामान और उपहार भेंट किए थे। निकाह की तारीख 30 मई 2026 निश्चित की गई थी।


निकाह की तारीख तय होने के बाद लड़की पक्ष ने तैयारियां शुरू कर दी थी। इसी दौरान गत 2 अप्रैल को लड़की के पिता जाबिर ने शादी के कार्ड छपवाने के लिए लड़के के पिता इरफान को फोन कर नाम पूछे। आरोप है कि इरफान ने साफ लहजे में शादी करने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि उसका बेटा उस्मान सऊदी अरब में नौकरी करता है और वहां एक लाख रुपये महीना कमाता है। अगर शादी करनी है तो पहले वैगनआर कार और पांच लाख रुपये नकद देने होंगे। बेबस पिता द्वारा बिचौलिये बुंदू से संपर्क करने पर उसने भी मदद करने के बजाय लड़के पक्ष का ही साथ दिया और निकाह से हाथ खींच लिए। पीड़ित जाबिर के अनुसार सगाई और तैयारियों में अब तक उनके करीब 7.5 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।


पीड़ित पिता ने इस मामले की शिकायत पहले मंडी धनौरा पुलिस से की मगर वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर जाबिर ने एसएसपी मुरादाबाद से मिलकरआपबीती सुनाई। एसएसपी के कड़े रुख के बाद कांठ पुलिस हरकत में आई।


एसएसपी के आदेश पर कांठ पुलिस ने दूल्हा उस्मान, उसके पिता इरफान, इमरान, बिलाल, समीर, फैसल, रिजवान और बिचौलिया बुंदू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या