बिजनौर/उत्तर प्रदेश - महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई दरिंदगी पर आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मई 25, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई दरिंदगी पर आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन

https://www.newsindia17.com/politics/up-bijnor-congress-protest-at-collectorate-over-mahoba-dalit-student-case-submitted-memorandum/

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर आक्रोशित विपक्ष ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला महोबा की एक दलित छात्रा के साथ प्रयागराज में हुए सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण के विरोध में आज सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर मे जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा देने की मांग की। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।


कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने से पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा हेनरीता राजीव सिंह की अध्यक्षता में जिला पार्टी कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत में पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय ओमवती देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक के बाद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने महोबा में हुई इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का पूरा ब्यौरा दिया।


कांग्रेस कार्यकर्ताओ द्वारा पुलिस को दिए गए ज्ञापन मे बताया गया कि  महोबा जनपद की रहने वाली एक दलित छात्रा, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी का कोचिंग से घर लौटते समय दबंगों ने अपहरण कर लिया था। आरोपी उसे प्रयागराज ले गए और 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।


कांग्रेस अध्यक्षा हेनरीता राजीव सिंह ने कहा कि यह घटना सूबे की बदहाल कानून व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देने वाली सरकार में बेटियां कोचिंग जाने से भी डर रही हैं। राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन मे कांग्रेस पार्टी ने इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए कठोरतम दंड दिए जाने, पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल प्रभाव से पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराये जाने के साथ ही पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित आर्थिक सहायता और मानसिक संबल प्रदान किये जाने की मांग की है।


इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से शहर अध्यक्ष हुमायूं बैग, पूर्व आईएएस अधिकारी आर.के. सिंह, जावेद अंसारी, हाजी नसीम अंसारी, मीनू गोयल, ठाकुर गौतम सिसोदिया, अनिल त्यागी के साथ ही मौ. आरिफ खान एडवोकेट, मौ. अकबर, मौ. सलीम, फारूख खान, सुकेश कुमार, विक्रम सिंह, शादिलाल मारवाड़ी, काज़ी आतिफ अली, चितवन शर्मा, रामपाल सिंह, योगेंद्र कुमार, हिमांशु देवड़ा, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शारिक अली, महासचिव मौ. हनीफ, जाफर हसनैन, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन कुमार और एडवोकेट खालिद सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या