नहटौर/जिला बिजनौर - महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जुटी महिलाये, भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन कर फूंका विपक्षी दलो का पुतला - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अप्रैल 28, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जुटी महिलाये, भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन कर फूंका विपक्षी दलो का पुतला

www.newsindia17.com

महिला आरक्षण बिल को लेकर देशव्यापी राजनीति के बीच मंगलवार को नहटौर में भी भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिलाओ ने बिल का विरोध करने वाले दलों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते न केवल शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' निकालकर अपनी एकजुटता का संदेश भी दिया।


आज मंगलवार दोपहर भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं नहटौर नगर की सड़कों पर उतर आयी। भाजपा महिला मोर्चा के तत्वाधान मे निकाली गयी 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' के दौरान महिलाये हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थी। इस बैनर व तख्तियो पर महिला सशक्तिकरण और सरकार के समर्थन में नारे लिखे थे। यह पदयात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हल्दौर चौराहे पर जाकर संपन्न हुई।


हल्दौर चौराहे पर पदयात्रा के समापन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए पुतला दहन भी किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही महिला नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनके हक दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, लेकिन विपक्षी दल अपने राजनीतिक हितों के कारण महिला सशक्तिकरण के मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।


प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट किया कि अब देश की नारी अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह सजग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का असली चेहरा सामने आ गया है। वे नहीं चाहते कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़े। लेकिन हम संगठित होकर ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओमकुमार, भाजपा मंडलाध्यक्ष वैभव गोयल, ब्लॉक प्रमुख राकेश चौधरी, जिला महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा शोभित त्यागी, क्षेत्रीय मंत्री भाजपा महिला मोर्चा विनीता शर्मा सहित सैकड़ो महिलाये उपस्थित रही।


भारी भीड़ और महिलाओं के कड़े तेवरों के कारण यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय स्तर पर दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। महिलाओं की इस एकजुटता ने न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा की, बल्कि संगठन की मजबूती का भी स्पष्ट संदेश दिया।

counter
अभी तक पाठक संख्या