जिला अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र से एक निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने पर 28 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। परिजनों के भारी हंगामे के बाद पुलिस ने अस्पताल के चिकित्सक और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को भी सील कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गजरौला थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानठेर निवासी नेपाल सिंह ने गत 23 अप्रैल को अपनी पत्नी रजनी आयु 28 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर हसनपुर बाईपास स्थित 'केयर 24 हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर' में भर्ती कराया था। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर हरकेश और उनके सहयोगी बाली व रणवीर ने परिजनो से कहा कि बिना ऑपरेशन प्रसव होना संभव नहीं है। आरोप है कि चिकित्सक बिना कोई प्रारम्भिक जाँच किये रजनी को सीधे ऑपरेशन थिएटर ले गए। इस दौरान परिजनों से 45 हजार रूपये भी जमा कराए गए।
ऑपरेशन के बाद रजनी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जल्द ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों का दावा है कि गलत तरीके से किए गए ऑपरेशन के कारण प्रसूता को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। बिगड़ती स्थिति को संभालने मे नाकाम रहेअस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में महिला को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रजनी ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को अस्पताल के सामने रखकर जोरदार प्रदर्शन और हंगामा किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद तत्काल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया था और पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी डॉक्टर हरकेश, सहयोगी वाली और रणवीर, निवासी रुद्रपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक हसनपुर राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
