जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से एक भीषण सड़क हादसे का मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 17 वर्षीय एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खतापुर का निवासी विशाल कुमार अपनी फुफेरी बहन संजना आयु 17 वर्ष के साथ बढ़ापुर से अपने गाँव वापस आ रहा था। नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर फतेहपुर मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए।
राहगीरों की सूचना पर तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नहटौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टरों ने संजना को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना मेगंभीर रूप से घायल हुआ विशाल अभी उपचाराधीन है। इस हादसे ने संजना के परिवार को तोड़ कर रख दिया है; रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि संजना के परिवार में अब उसका एक छोटा भाई रह गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी अस्पताल और दुर्घटना स्थल पर पहुंची। नहटौर कोतवाल रविन्द्र प्रताप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी बस चालक और वाहन के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
