गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद द्वारा घोषित प्रथम सेमेस्टर के विवादित परीक्षा परिणाम को लेकर आक्रोशित छात्र छात्राओ ने आज शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जोरदार हंगामा प्रदर्शन किया। मुरादाबाद मंडल के विभिन्न लॉ कॉलेजों से पहुंचे सैकड़ों छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर कॉपियों के मूल्यांकन में भारी लापरवाही और अनियमितता बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। इस प्रदर्शन मे मुख्य रूप से केजीके महाविद्यालय, कुन्दरकी स्थित हबीबी कॉलेज ऑफ लॉ और चन्दौसी के एनकेबीएमजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
परीक्षा परिणाम को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों का दावा है कि विश्वविद्यालय ने अभी तक एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का आधिकारिक परिणाम अपनी मुख्य वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया है। कॉलेजों को एक आंतरिक सूची भेजी गई है। इस सूची में करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण या बैक दिखाया गया है। छात्रों का कहना है कि इतनी बड़ी तादाद में परीक्षार्थियों का एक साथ फेल होना मुमकिन नहीं है, यह सीधे तौर पर कॉपियों को बिना जांचे नंबर चढ़ाने का मामला है।
धरने में शामिल चन्दौसी के एनकेबीएमजी कॉलेज की छात्राओ निशा, सिमरन, शिवानी, काजल, प्रिया, आरोही, रेखा, पल्लवी, गौरी, अनुष्का और डॉली ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों को उच्च शिक्षा और विशेषकर वकालत की पढ़ाई का मौका बहुत संघर्ष के बाद मिल पाता है। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद हम दिन-रात मेहनत कर रही हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी की इस लापरवाही ने हमारे भविष्य और करियर पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। प्रशासन ने भारी-भरकम परीक्षा फीस वसूल की मगर परीक्षा परिणाम मे कोई पारदर्शिता नहीं रखी।
परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट छात्रो ने विश्वविधालय से 3 प्रमुख मांग की है। छात्रो ने परीक्षा परिणाम में हुई इस गड़बड़ी की जांच के लिए किसी उच्चाधिकारी की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र कमेटी बनाये जाने और सभी उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन कराये जाने के साथ ही प्रथम सेमेस्टर का अंतिम और सही परिणाम वेबसाइट पर जारी न होने तक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं को टाल दिए जाने व प्रभावित छात्रों के लिए री-चेकिंग और बैक फॉर्म भरने की प्रक्रिया को पूरी तरह से शुल्क मुक्त किये जाने की मांग की है।
छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय के कुल सचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया गया है और इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। कुलसचिव ने कहा कि फिलहाल विश्वविद्यालय की ओर से एलएलबी का अंतिम आधिकारिक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। कॉलेजों को जो डेटा मिला है, वह अंतिम नहीं है। वेबसाइट पर फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद भी यदि किसी छात्र को अपने अंकों से असंतोष या कोई शिकायत होगी, तो वह नियमानुसार आवेदन देकर अपनी उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच करवा सकेगा।
छात्रों ने साफ कर दिया है कि अगर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने केवल आश्वासन देकर मामले को शांत करने की कोशिश की और जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे और आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देंगे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

